
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला स्थित शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी सैन्य अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य और देश उनके इस बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह जनपद अल्मोड़ा में अंतिम विदाई दी गई थी। इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, गोविंद सिंह पिलख्वाल, अन्य जनप्रतिनिधि तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

