
अल्मोड़ा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मल्ला महल में ‘वृद्धावस्था के लिए योग (योगा फॉर हेल्दी एजिंग)’ थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सांसद अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अजय टम्टा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है तथा इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 515 लोगों ने भाग लिया। एसएसबी, योग निलयम, गायत्री परिवार, ग्रीन फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योगपीठ, मानसखंड, नमामि गंगे, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा आमजन ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योग साधकों ने विशेष योग प्रदर्शन भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विभाग की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न और पौधे भेंट किए गए। इस अवसर पर राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, गंगा बिष्ट, गोविंद सिंह पिलखवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

