
उत्तरकाशी(आरएनएस)। यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव नगर पालिका के वार्ड सात में सरुखेतवासियों ने पार्किंग स्थल के विस्तार की पुरजोर मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग का विस्तार होने से चारधाम यात्रा के दौरान सरुखेत क्षेत्र में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। स्थानीय होटल व्यवसायियों अनिल रावत, अजयपाल राणा, कामेश शाह, अतर सिंह, ममलेश मदन आदि का कहना है कि पूर्व में नगर पालिका ने करीब आठ लाख का बजट खर्च कर पार्किंग स्थल विकसित की थी लेकिन वह भी चारधाम यात्रा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते अपर्याप्त साबित हो रही है। ऐसे में वाहन चालकों को मजबूरन हाईवे के किनारे खड़े करने पड़ते हैं जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि वर्षों से यहां पर पार्किंग स्थल की मांग को लेकर पूर्व के करीब चार-चार जिलाधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया लेकिन अभी तक पार्किंग का विस्तारीकरण न होने से पार्किंग की समस्या जस की तस बनी है। लोगों का कहना है कि सरूखेत में जहां पर हाईवे चौड़ीकरण का मलबा है डंप किया गया है वहां पार्किंग का निर्माण क्षेत्र में यात्रा सीजन के दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। जिसको लेकर उन्होंने जिला प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

