
अल्मोड़ा। पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने जवानों का निरीक्षण कर उन्हें फिटनेस और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। परेड की शुरुआत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जवानों की सलामी ली और उनके प्रदर्शन का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं पुलिस कर्मियों के साथ दौड़ लगाकर बेहतर शारीरिक फिटनेस के लिए प्रेरित किया। परेड के दौरान जवानों ने दौड़, तेज चाल, ड्रिल, शस्त्र अभ्यास और स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास किया। इस दौरान जवानों को बलवा ड्रिल के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। परेड के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, क्षेत्राधिकारी संचार राजीव कुमार टम्टा, महिला थाना प्रभारी जानकी भंडारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सोमेश्वर कृष्ण कुमार, उपनिरीक्षक मोहित कुमार सहित एसडीआरएफ और पुलिस लाइन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

