

अल्मोड़ा। पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जवानों को दौड़, तेज चाल, सलामी, ड्रिल, स्क्वाड ड्रिल और शस्त्राभ्यास सहित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियां कराई गईं। एसएसपी ने स्वयं जवानों के साथ दौड़ लगाकर बेहतर फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
परेड के दौरान पुलिस कर्मियों को शस्त्रों के सुरक्षित उपयोग और संचालन संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। जवानों को हथियारों को खोलने-जोड़ने, वेपन हैंडलिंग और तकनीकी जानकारियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र सहित विभिन्न थाना प्रभारियों, फायर स्टेशन अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया।


