
अल्मोड़ा। सहायक वन कर्मचारी संघ शाखा अल्मोड़ा के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार से शिष्टाचार भेंट कर फील्ड स्टाफ से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2026 के अग्नि सीजन में तैनात फायर वॉचरों के लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने की मांग की। साथ ही फील्ड स्टाफ की आत्म सुरक्षा के लिए शस्त्र उपलब्ध कराने और फायर सीजन में तैनात फायर टीमों को पर्याप्त सुरक्षा एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी।
संघ ने बताया कि चार वर्ष बीतने के बावजूद फील्ड स्टाफ को वर्दी भत्ते का भुगतान नहीं किया गया है। इसके शीघ्र निस्तारण की मांग भी डीएफओ के समक्ष रखी गई। इसके अलावा लीसा कार्य एवं लीसा नियमावली, क्यूआरटी टीम में तैनात श्रमिकों के वेतन भुगतान समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह सतवाल, जिला महामंत्री संजय जोशी, कोषाध्यक्ष भास्कर नाथ महंत, संगठन मंत्री अमित भैंसोड़ा और महिला उपाध्यक्ष इंदु मर्तोलिया मौजूद रहीं।
