
रुद्रपुर। सद्दाम हत्याकांड के तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अभी तक मुख्य आरोपी सहित दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह जगह दबिश दे रही है। 18 मई को सुभाष कॉलोनी के रहने वाले 25 वर्षीय सद्दाम घर से लापता हो गया था। 19 मई को काशीपुर हाईवे किनारे पुलिस ने दो नशेड़ी गंगाराम और शहनवाज की निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया था। मृतक के भाई नवी अहमद की तहरीर पर पुलिस ने सुभाष कॉलोनी के रहने वाले कबाड़ी नवाब, पार्टनर निशा और कबाड़ बीनने का काम करने वाले शहनवाज, गंगाराम, जुबैर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने बताया था कि 18 मई की रात को ही नशा करने के बाद हुए विवाद में कबाड़ी नवाब और निशा के इशारे पर सभी नशेड़ियों ने मिलकर सद्दाम की गला दबाकर हत्या कर दी थी। रविवार शाम को एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी ने सुभाष कॉलोनी से तीसरे आरोपी जुबैर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित युवती की तलाश कर रही है। सीओ अभय सिंह ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम को लगा दिया है।

