
अल्मोड़ा। मॉडल कैरियर सेंटर एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय अल्मोड़ा की ओर से गुरुवार को कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर बेरोजगार युवाओं के साक्षात्कार लिए। सेवायोजन अधिकारी विक्रम ने बताया कि रोजगार मेले में एलआईसी अल्मोड़ा, क्यूएच टैल्ब्रोस प्राइवेट लिमिटेड, क्वींस कॉर्प लिमिटेड और वाईएसएफ ग्रुप समेत चार कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 43 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद छह अभ्यर्थियों का मौके पर चयन किया गया। इस दौरान अन्वेषक सह संगणक मनोज बिष्ट और कनिष्ठ सहायक पंकज कुमार कुलकोडिया ने अभ्यर्थियों को रोजगार मेले और विभिन्न रोजगार अवसरों से संबंधित जानकारी दी। कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने भी युवाओं को सहयोग प्रदान किया।

