

ऋषिकेश(आरएनएस)। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, ऋषिकेश की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। धन सिंह बुटोला बैंक के अध्यक्ष और सीए निशांत भारद्वाज उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों के चुनाव में किसी भी पद पर मतदान की नौबत नहीं आई।
चुनाव अधिकारी डॉ. अमित कुमार वर्मा के अनुसार, सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 26 सितंबर को बैंक के सामान्य निकाय के लिए 88 प्रतिनिधियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। इसके बाद 9 अक्तूबर को संचालक मंडल का चुनाव भी निर्विरोध संपन्न हुआ। शनिवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष धन सिंह बुटोला ने कहा कि वह सभी संचालकों को साथ लेकर बैंक के विकास और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। इस अवसर पर बैंक के पूर्व अध्यक्ष सीएम सेमवाल और सचिव एसएस राणा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी।
संचालक मंडल में इन सदस्यों को मिली जगह
विभिन्न वार्डों से निर्वाचित संचालक मंडल के सदस्यों में आदर्श ग्राम से निशांत भारद्वाज, आवास विकास कॉलोनी-1 से महेश चिटकारिया, आवास विकास कॉलोनी-2 से वीरेंद्र सिंह रौतेला, आशुतोष नगर से धन सिंह बुटोला, गुमानीवाला से जसपाल भंडारी, ढालवाला-14 बीघा से लक्ष्मी सेमवाल, देहरादून रोड से मनोज नौटियाल, बनखंडी से मुकेश शर्मा, मेन बाजार से विजय अरोड़ा, लक्ष्मणझूला रोड से रेखा वर्मा, शीशम झाड़ी से नंदा जोशी और हरिद्वार मार्ग से उमा देवी शामिल हैं।
जिला सहकारी बैंक के प्रतिनिधियों के रूप में बृजपाल सिंह राणा और पुष्पा पुंडीर निर्वाचित हुए। वहीं, उत्तराखंड अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक्स फेडरेशन के प्रतिनिधियों के रूप में चिंतामणि, राजेंद्र लिंगवाल, भगवती प्रसाद सकलानी, राजू लाल, करण सिंह बर्थवाल और शिव प्रसाद खैखरियाल चुने गए।
चुनाव प्रक्रिया में सह-निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित कुमार सैनी और नोडल अधिकारी आशीष संगर ने सहयोग किया।



