
अल्मोड़ा। पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए रानीखेत नगर में पहली बार रोडवेज बसों के संचालन हेतु वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में लागू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखना और जाम की समस्या को कम करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रानीखेत में लंबे समय से स्थानीय लोग रोडवेज बसों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में जनता दरबार में भी मांग उठाई गई थी। जनभावनाओं और यातायात व्यवस्था की जरूरत को देखते हुए एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इस व्यवस्था को लागू कराया। रानीखेत पुलिस ने रोडवेज विभाग के साथ मिलकर आवश्यक पुलिस ड्यूटी लगाई है और बसों का संचालन वन-वे रूट से कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम हुआ है और जाम की स्थिति में भी सुधार देखने को मिल रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आम लोगों ने भी इस पहल को जनहित में उठाया गया प्रभावी कदम बताया है।

