
अल्मोड़ा। जागेश्वर मंदिर क्षेत्र में अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगाकर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक वाहन चालक पर दन्या पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन से बत्ती हटवाकर चालक का चालान किया। पर्यटन सीजन को देखते हुए जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत काली फिल्म, अवैध लाल-नीली बत्ती और रेट्रो साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत ने जागेश्वर मंदिर क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को एक यूपी नंबर वाहन में अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगी मिली। जांच में सामने आया कि चालक मंदिर क्षेत्र में जल्दी प्रवेश पाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक का चालान किया और भविष्य में इस तरह का कृत्य न करने की सख्त चेतावनी दी।

