
कोटद्वार(आरएनएस)। शहर में आठवीं राज्यस्तरीय जूनियर बालक-बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 13 जनपदों से 180 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। बालक वर्ग में प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच देहरादून के नाम रहा। वहीं बालिका वर्ग में चंपावत ने पौड़ी को हराकर खाता खोला। उमराव नगर में स्थित एक बैंक्वेट हॉल में तीन दिवसीय आठवीं राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने किया। इससे पहले दुर्गापुर चौराहे से प्रतियोगिता स्थल तक स्कूली बच्चों की परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि खेल विभाग और उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के द्वारा इस तरह का आयोजन होने से बच्चों को एक अच्छा मंच मिलता है। प्रतियोगिता के पहले दिन बॉक्सिंग के कई रोचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बालक वर्ग के 44-46 किग्रा भार में खेला गया। इसमें पिथौरागढ़ को हराकर देहरादून ने जीत के साथ शुरुआत की। वहीं, बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में चंपावत ने पौड़ी को हराकर अपना खाता खोला। प्रतियोगिता में कोटद्वार हॉस्टल के खिलाड़ियों ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार नॉकआउट जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की। शनिवार को हुए 21 प्री-क्वार्टर और 15 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद देहरादून, कोटद्वार, पिथौरागढ़, पौड़ी, टनकपुर, ऊधमसिंह नगर और काशीपुर के मुक्केबाज अगले पड़ाव की ओर बढ़े। एक-एक पंच पर दर्शकदीर्घा से उठने वाला शोर प्रतियोगिता को काफी रोमांचक बना रहा था।
इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत, बॉक्सिंग संघ पौड़ी के अध्यक्ष रितेश अधिकारी, शशिबाला केष्टवाल, सुरेंद्र सिंह सैनी, सुनीता देवी, कमल नेगी, प्रमोद केष्टवाल, आशीष रावत, प्रेमा खंतवाल, पार्षद नीरूबाला खंतवाल उपस्थित रहे।

