
देहरादून। देहरादून रेलवे स्टेशन पर रोडवेज के हिल डिपो के साथ पिछले 50 वर्षों से संचालित दून टैक्सी यूनियन के साथ रेलवे विभाग अन्याय कर रहा है, जिसे यूनियन बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर 27 जुलाई 2015 के समझौते का अनुपालन नहीं किया गया तो मजबूर हो कर टैक्सी यूनियन को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं दून टैक्सी यूनियन के संरक्षक सूर्यकांत धस्माना ने मंगलवार को देहरादून रेलवे स्टेशन अधीक्षक शशांक शर्मा से टैक्सी यूनियन की वार्ता के दौरान कही।
धस्माना के साथ दून टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में देहरादून रेलवे स्टेशन अधीक्षक शशांक शर्मा से मिले। उनसे वार्ता कर ज्ञापन सौंप कर उनसे 27 जुलाई 2015 को रेलवे, जिला प्रशासन देहरादून व टैक्सी यूनियन के मध्य टैक्सी खड़ी करने के बाबत हुए समझौते को लागू करने की मांग की। स्टेशन अधीक्षक शर्मा ने धस्माना एवं यूनियन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वे उनकी भावनाओं एवं उनके विषय के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा कर उचित कार्यवाही के लिए आग्रह करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में दून टैक्सी यूनियन के प्रधान श्री राजेन्द्र आनंद, सुनील लूथरा सचिव, खलीक अहमद उपाध्यक्ष, मुकेश कुमार कोषाध्यक्ष, अजय आनंद, सुधीर आनंद, वीरेंद्र दत्त बहुगुणा, विजय स्नेही, राजेंद्र भंडारी आदि शामिल रहे।

