
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के विद्युत यांत्रिक खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका और फील्ड कर्मचारियों के भ्रमण रजिस्टर का भी परीक्षण किया। जांच में कुछ कर्मचारी बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण लेने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और कार्यसंस्कृति से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि निकट भविष्य में कार्यालय का दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं मिला या अनियमितताएं दोबारा पाई गईं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
