

अल्मोड़ा। राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में एनाटॉमी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. महेंद्र कुमार पंत को हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय का पहला डीन नियुक्त किया गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-5 की ओर से बुधवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए गए। उन्होंने गुरुवार अपराह्न देहरादून में कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।
प्रो. पंत वर्तमान में अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं। उन्हें विश्वविद्यालय में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था में डीन को सर्वोच्च शैक्षणिक और प्रशासनिक पदों में माना जाता है, जो कुलपति और शैक्षणिक परिषद के निर्देशन में कार्य करता है। डीन चिकित्सा महाविद्यालयों और संबद्ध अस्पतालों के प्रबंधन, शिक्षण गुणवत्ता, अनुसंधान तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के नियमों के अनुपालन के लिए जिम्मेदार होता है।
प्रो. पंत इससे पहले विश्वविद्यालय में कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक का दायित्व भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वह चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में संयुक्त निदेशक और उप निदेशक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में सेवाएं देने के बाद कुछ समय पूर्व उनका स्थानांतरण अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में हुआ था।
उन्होंने एनाटॉमी विषय में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से एमडी की उपाधि प्राप्त की है। साथ ही मानसिक रोगों के क्षेत्र में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेज, बेंगलुरु तथा हॉस्पिटल मैनेजमेंट में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर, नई दिल्ली से विशेषज्ञता हासिल की है।
प्रो. पंत को नई जिम्मेदारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया।

