
रुड़की। करीब तीन सप्ताह पूर्व अपहृत युवती प्रेमी के संग शादी रचा कर कोतवाली पहुंच गई। उनके साथ उनका अधिवक्ता भी मौजूद था। युवती ने प्रोटेक्शन वारंट की प्रति पुलिस को देकर सुरक्षा देने की मांग की। सूचना पर युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए तथा उन्होंने उसे नाबालिग बताकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवती को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पेश किया। पुलिस का कहना है बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लंढौरा क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि कारोबार के सिलसिले में क्षेत्र में रह रहा एक युवक सात नवंबर को उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस लगातार दोनों को तलाश कर रही थी। लापता युवती अपने प्रेमी के साथ शुक्रवार को अधिवक्ता को साथ लेकर कोतवाली पहुंची। दस्तावेज प्रस्तुत कर उसने खुद को बालिग बताया। साथ ही खुद की मर्जी से युवक के साथ शादी करने की बात कही। युवती ने कोर्ट से जारी प्रोटेक्शन वारंट पुलिस के सामने पेश किया गया। सूचना पर उसके परिजन कोतवाली पहुंच गए तथा उन्होंने एक प्रपत्र पुलिस के सामने पेश किया। बताया गया कि युवती नाबालिग है। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने युवती को अभिरक्षा में लेकर मेडिकल परीक्षण कर बयान दर्ज कराने के लिए पेश किया। एसएसआई रफत अली का कहना है कि बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। कोर्ट जैसे भी आदेश होंगे, उसी के तहत पुलिस कार्रवाई करेगी।

