
रुड़की(आरएनएस)। पुलिस ने प्रतिबंधित नशे की दवाओं के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बरामद खेप में ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम समेत अलग-अलग दवाओं के कुल 960 कैप्सूल और 500 टैबलेट शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। गंगनहर कोतवाली पुलिस शनिवार देर शाम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कृष्णानगर की गली नंबर 20 स्थित अनाया प्रॉपर्टी कार्यालय के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं। इस पर पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। इस दौरान पुलिस ने दावाओं की जांच कराई। जांच में पता चला कि नशीली दवाओं में 960 कैप्सूल में एसिटामिनोफेन, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड शामिल हैं।इन कैप्सूल का वजन 499.20 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा 500 टैबलेट भी बरामद हुईं, जिनमें अल्प्राजोलम सहित अन्य दवाएं शामिल हैं। इनका वजन करीब 60 ग्राम बताया गया है। इस तरह पुलिस ने कुल 559.20 ग्राम दवाएं बरामद की है। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि विनिश परमार निवासी शिवपुर, थाना देवबंद जिला सहारनपुर और बंटी उर्फ सुमित निवासी मुबारिकपुर अलीपुर, लक्सर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरीश गैरोला और कांस्टेबल अजय बिष्ट शामिल रहे।
बंटी रुड़की में चलाता था मेडिकल
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि बंटी उर्फ सुमित रुड़की के राजेंद्रनगर में मेडकिल चलाता था। करीब छह माह पूर्व ही उसने मेडिकल बंद कर दिया था। जांच में पता चला कि मेडिकल चलाने के दौरान बंटी की विनिश से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों नशीली दवाओं का काम करने लगे। पुलिस के अनुसार, विनिश काफी समय से नशीली दवाओं की बिक्री का काम कर रहा था। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
दवा तस्करी का स्रोत
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विनिश सहारनपुर से ही नशे की दवाएं लेकर आता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशे की दवाएं आरोपियों के पास कहां से पहुंचीं और इन्हें आगे कहां खपाया जाना था। पूछताछ के आधार पर पुलिस दवा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर शिकंजा कस सकती है।

