
बागेश्वर(आरएनएस)। श्रम विभाग के माध्यम से एनजीओ द्वारा आयोजित सिलाई प्रशिक्षण का पूरा भुगतान नहीं मिलने पर महिला ट्रेनरों ने नाराजगी जताई। उनके समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी श्रम विभाग पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने ट्रेनरों का बकाया भुगतान दिलाने की मांग की। ट्रेनरों गंगा पंत, नीरू, प्रेमा देवी, नीमा देवी, काजल, पिंकी बिष्ट, बसंत जोशी, राधा देवी, प्रेमा परिहार, सरिता कांडपाल और कविता ने बताया कि उन्हें एनजीओ के माध्यम से 50 दिन के प्रशिक्षण के लिए रखा गया था। प्रशिक्षण के दौरान आने-जाने, भोजन, कमरे और मशीनों का खर्च देने के साथ 30 हजार रुपये भुगतान का आश्वासन दिया गया था।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कुछ दिन पहले उन्हें केवल 10 हजार रुपये दिए गए। कई ट्रेनरों ने प्रशिक्षण के लिए कमरे किराए पर लिए थे, जिनका खर्च ही 10 हजार रुपये से अधिक है। महिलाओं ने पूरा भुगतान करने की मांग की। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और उनके समर्थन में धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि बकाया भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व राज्य दर्जा मंत्री राजेंद्र टंगड़िया, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार, कमलेश गढ़िया, बालकृष्ण और जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम समेत अन्य मौजूद रहे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोनिका चिलवाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित लोगों को बुलाकर जानकारी ली जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर प्रशिक्षण से जुड़े लोगों का भुगतान कराया जाएगा।

