
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग का वांछित आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी पुलिस की चेकिंग से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भाग निकला। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
घायल की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था और उसके खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज है।
घायल आरोपी को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर भी पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी तथा चेन स्नैचिंग की वारदात में लूटी गई सोने की चेन बरामद की है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

