
अल्मोड़ा। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा शहरी विकास निदेशालय, देहरादून के निर्देशों के तहत पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक माह का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरुवार को सेंसस टाउन खत्याड़ी के पंचायत घर में स्वनिधि शिविर का आयोजन किया गया। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि एक जून से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक फेरी व्यवसायियों को योजना से लाभान्वित करना है। अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर स्वनिधि महोत्सव, निकाय स्तर पर लोक कल्याण मेले तथा सेंसस टाउन क्षेत्रों में स्वनिधि शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर का संचालन सामुदायिक संगठनकर्ता रमेश तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा योजना का विस्तार सेंसस टाउन क्षेत्रों तक किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों में कार्यरत फेरी व्यवसायियों को भी संस्थागत ऋण, डिजिटल समावेशन और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके। खत्याड़ी को सेंसस टाउन के रूप में चयनित किए जाने के बाद अब अल्मोड़ा नगर क्षेत्र से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र फेरी व्यवसायी भी पीएम स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। शिविर में फेरी व्यवसायियों का सर्वेक्षण किया गया तथा उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थी पीएम स्वनिधि पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा विकास खंड हवालबाग कार्यालय से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं। शिविर में ग्राम्य विकास विभाग हवालबाग से कनिष्ठ सहायक गुड्डु कुमार, ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, नगर निगम से डाटा एंट्री ऑपरेटर दीपा जोशी, सामुदायिक संगठनकर्ता गीता भट्ट तथा खत्याड़ी क्षेत्र के व्यवसायी उपस्थित रहे।


