
विकासनगर। डाकपत्थर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पति पत्नी ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। किनाडखिल मदर्सू निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर में पुलिस को बताया कि उसकी शादी तेरह वर्ष पूर्व हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। बच्चे और पत्नी साथ ही रहते हैं। आरोप है कि पत्नी घर में झगड़ा कर मायके पक्ष के लोगों को फोन कर बुलाती है। आरोप है कि ससुर सहित चार लोगों ने हाल के दिनों में उसके घर आकर उसकी और उसकी मां की पिटाई कर दी। उधर, पत्नी ने भी पति पर मारपीट का आरोप लगाया है। डाकपत्थर चौकी इंचार्ज अर्जुन सिंह गुसांई ने कहा कि दंपति का पारिवारिक विवाद है। दोनों पक्षों की आपसी वार्ता चल रही है। आगे दोनों पक्षों की वार्ता के बाद जो भी बात सामने आयेगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जायेगी।

