

अल्मोड़ा। पनुवानौला पार्किंग निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव की प्रतियां गुम होने संबंधी खबरों को सिविल सोयम वन प्रभाग, अल्मोड़ा ने भ्रामक और निराधार बताया है। प्रभागीय वनाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव की जांच के दौरान कुछ कमियां पाई गई थीं, जिसके बाद 29 अप्रैल 2026 को संबंधित विभाग को कमियां दूर करने के लिए मूल प्रस्ताव वापस भेज दिया गया था।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 381/2023 के तहत पनुवानौला में पार्किंग निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, घिघारीलाल (रानीखेत) के परियोजना प्रबंधक ने कक्ष संख्या 27 की आरक्षित वन भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव उपलब्ध कराया था। परीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर कार्यालय ने पत्र संख्या 3633/12-1 के माध्यम से प्रस्ताव वापस किया था। वन विभाग के अनुसार, यह पत्र 30 अप्रैल 2026 को स्पीड पोस्ट संख्या EV683221692IN के माध्यम से वितरित भी हो चुका है।
प्रभागीय वनाधिकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर को सोशल मीडिया और 13 अक्टूबर को स्थानीय समाचार पत्रों में प्रस्ताव की प्रतियां गुम होने संबंधी खबरें प्रकाशित हुईं। विभाग ने इन खबरों को असत्य बताते हुए कहा कि परियोजना प्रबंधक की ओर से पूर्ण प्रस्ताव अब तक वन विभाग को उपलब्ध नहीं कराया गया है। प्रस्ताव सही और पूर्ण रूप में प्राप्त होने के बाद ही उस पर आगे की कार्रवाई संभव हो सकेगी।





