
रुड़की(आरएनएस)। थाना क्षेत्र के गांव धीरमाजरा में पानी की निकासी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। गांव में रास्ते पर पानी जमा होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बात को लेकर रविवार सुबह दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मारपीट में एक पक्ष के कमल, दिनेश, अक्षय और करण घायल हो गए। घायलों के परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

