

अल्मोड़ा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर में निःशुल्क सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। उम्मीद फाउंडेशन होप फॉर ह्यूमन की ओर से संचालित इस केंद्र में महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में राज्य महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट और पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया। दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सिलाई-कढ़ाई जैसे कौशल महिलाओं को घर बैठे रोजगार उपलब्ध कराने में सहायक साबित हो सकते हैं। उम्मीद फाउंडेशन के प्रतिनिधि नरेंद्र मेहरा ने बताया कि संस्था लंबे समय से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार शुरू कर सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकें। उन्होंने भविष्य में ऐसे और केंद्र खोलने की बात भी कही। कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह रौतेला ने कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रयासों में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर बीना नयाल, रमेश जोशी, हयात सिंह बिष्ट, देवेंद्र कर्नाटक, ललित बिष्ट, अभिषेक तिवारी, दिनेश कुमार, प्रकाश मेहता, ममता बिष्ट, किरण बिष्ट, पूजा बगड़वाल, पिंकी बिष्ट और हीरा कनवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

