
हरिद्वार(आरएनएस)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने राहत अभियान शुरू किया है। शांतिकुंज, हरिद्वार से प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री भेजी जा रही है। गायत्री परिवार प्रमुख शैल जीजी और उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या के मार्गदर्शन में करीब 50 नेपाली कार्यकर्ताओं और स्थानीय गायत्री परिजनों का सेवाभावी दल प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहा है। दल की ओर से आपदा प्रभावित परिवारों तक तिरपाल, राशन, आवश्यक दवाइयां और दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री पहुंचाई जाएगी। गायत्री परिवार के अनुसार राहत अभियान का उद्देश्य संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के साथ उनके प्रति अपनत्व और संवेदना व्यक्त करना है। गायत्री परिवार ने कहा कि इस सेवा पहल के पीछे पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माताजी भगवती देवी शर्मा की सेवा एवं लोकमंगल की प्रेरणा है। भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए परिवार ने कहा कि नेपाली भाई-बहनों के संकट में साथ खड़ा होना मानवीय और आत्मीय दायित्व है। शैल जीजी और डॉ. चिन्मय पंड्या ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

