
अल्मोड़ा। ऑपरेशन प्रहार के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। थाना दन्या पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र में बैरियर लगाकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर थानाध्यक्ष दन्या और प्रभारी एसओजी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार वारंट संख्या 46/22 एवं एफआईआर संख्या 33/21 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत वांछित वारंटी राहुल कुमार लोहिया लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। सूचना मिलने पर थाना दन्या के निकट बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके दौरान गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत, कांस्टेबल जगत सिंह, कांस्टेबल राकेश मेलकानी तथा एसओजी के कांस्टेबल राजेश भट्ट शामिल रहे।
