
पिथौरागढ़। नगर में व्यापारियों ने नई लाइसेंस व्यवस्था का विरोध करते हुए नगरपालिका के ईओ का घेराव किया। व्यापारियों ने कहा कोरोना के कारण व्यापारी वर्ग पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उस पर नगरपालिका नए-नए फरमान जारी कर व्यापारियों का उत्पीडऩ कर रही है। कहा अगर शीघ्र ही लाइसेंस व्यवस्था को निरस्त नहीं किया गया तो व्यापारी आमरण अनशन में बैठ जाएंगे। गुरुवार को व्यापार मंडल उपाध्यक्ष आशीष सौन के नेतृत्व में व्यापारी नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ईओ मनोज दास का घेराव किया। व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सौन ने कहा कोरोना के कारण कारोबार चौपट हो गया है। बाजार की स्थिति अभी भी संतोषजनक नहीं है। कई व्यापारियों के लिए दुकान का किराया चुकाना भी मुश्किल हो रहा है। इस पर नगरपालिका व्यापारी पर आर्थिक बोझ डाल रही है। कहा यह सरासर गलत है। व्यापारियों ने कहा कोरोनाकाल में कारोबार चौपट हो गया है। ऐसे में व्यापारियों की मदद करना छोड़ नगरपालिका उन्हें परेशान कर रही है। आए दिन नए-नए नियम जारी कर व्यापारियों को प्रताडित किया जा रहा है। व्यापारियों ने नगरपालिका को आगामी सोमवार तक का समय दिया है। कहा अगर निर्धारित समय तक नगरपालिका ने लाइसेंस व्यवस्था को निरस्त नहीं किया तो व्यापारी आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस दौरान प्रदीप भट्ट, सुरेश जोशी, पंकज भट्ट, जेसी कलखुडिया, हरीश धामी, दिनेश जोशी, किशोर पाठक, लक्ष्मी दत्त, किशोर जोशी, दीपक जोशी, अभिषेक बोहरा, हरिओम धामी, हरजीत सिंह बाबा, त्रिभुवन लाल साह, प्रकाश नगरकोटी, सलीम खान आदि मौजूद थे।

