
अल्मोड़ा। मां नंदा-सुनंदा शोभायात्रा के दौरान बुधवार को अल्मोड़ा नगर में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। शोभायात्रा की अवधि में दोपहर 12 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक निर्धारित मार्गों पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित और डायवर्ट रहेगा।
हल्द्वानी से पिथौरागढ़, बागेश्वर, रानीखेत और कौसानी जाने वाले सभी चौपहिया वाहन धारानौला और बेस तिराहा होते हुए लोअर माल रोड से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। लिंक रोड पर जलाल तिराहे से बाजार की ओर सभी चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर की ओर आने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान यह क्षेत्र जीरो जोन रहेगा। एनटीडी से बाजार की ओर आने वाले वाहन धारानौला या शैल बैंड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
इसके अलावा मालवाहक और भारवाहक वाहनों को सुबह नौ बजे से करबला तिराहे से माल रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से निर्धारित यातायात प्लान का पालन करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

