
चौखुटिया। तहसील चौखुटिया के मासी क्षेत्र की ग्राम पंचायत आदिग्राम कनौणिया में एक उपभोक्ता के नाम करीब दो लाख रुपये का बिजली बिल जारी होने का मामला सामने आया है। बिल की बड़ी राशि देखकर परिवार परेशान है और विद्युत विभाग से बिल की जांच कर संशोधन की मांग की जा रही है। जानकारी के अनुसार हीरा देवी पत्नी धनीराम के नाम जारी बिजली बिल की राशि करीब दो लाख रुपये बताई गई है। परिवार के अनुसार घर में बिजली का उपयोग बेहद सीमित है। उनका कहना है कि घर में केवल दो बल्ब कुछ समय के लिए जलते हैं। इसके अलावा पंखा, टीवी जैसी कोई अन्य विद्युत सुविधा नहीं है। हीराराम के मुताबिक परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं है और वे बीपीएल श्रेणी में आते हैं। परिवार के पास एक यूनिट का राशन कार्ड है। इतनी कम बिजली खपत के बावजूद करीब दो लाख रुपये का बिल आने से उनकी चिंता बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि बिल की जांच और संशोधन के लिए कई बार विद्युत विभाग के मासी कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश लाल वर्मा ने बताया कि मामले को लेकर विद्युत विभाग के अभियंताओं से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कुछ अन्य उपभोक्ताओं के भी अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने विभाग से संबंधित बिलों की जांच कर आवश्यक संशोधन करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर क्षेत्र के लोगों के साथ विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

