


देहरादून(आरएनएस)। नगर निगम के 47 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा उठवाने का कार्य कर रही वाटरग्रेस इकॉन सनलाइट कंपनी के सुपरवाइजरों ने कुछ कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के विरोध में हड़ताल शुरू की है। दूसरे दिन भी कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। जिससे सफाई कार्य की निगरानी का काम ठीक से नहीं हो पा रहा। शहर में सार्वजनिक जगह कूड़े के ढेर लग रहे हैं और लोगों के घरों से नियमित रूप से डोर टू डोर कूड़ा नहीं उठ पा रहा। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कंपनी को जल्द वार्ता कर मामला सुलझाने के निर्देश दिए हैं। ताकि सफाई व्यवस्था पर इसका बुरा असर नहीं पड़े। सफाई कर्मचारी संगठनों ने भी निजी कंपनियों से हटाए कर्मचारियों को वापस काम पर नहीं रखने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।



