
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर में प्रदेश सरकार के मंत्री, कैबिनेट स्तर के नेता और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के लगातार दौरों और बैठकों के बावजूद नगर निगम को अब तक विकास कार्यों के लिए ठोस बजट नहीं मिल पाया है। इसे नगर निगम पार्षद वैभव पांडे ने गंभीर और चिंताजनक स्थिति बताया है। प्रेस को जारी बयान में वैभव पांडे ने कहा कि नगर निगम सभागार में बड़े स्तर के आयोजन हो रहे हैं और मंत्री नियमित रूप से नगर क्षेत्र का निरीक्षण भी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम की आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों की हालत, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट की आवश्यकता है, जबकि धनराशि के अभाव में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पार्षद ने कहा कि नगर की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मंत्री और वरिष्ठ नेता अपने स्तर पर सरकार के उच्च अधिकारियों से नगर निगम के लिए बजट स्वीकृत कराने की कोई ठोस पहल करते नजर नहीं आ रहे हैं, जो अल्मोड़ा की जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री और वरिष्ठ नेता प्रतिदिन अल्मोड़ा में कार्यक्रम कर सकते हैं, तो नगर के विकास के लिए आवश्यक बजट दिलाना भी उनकी जिम्मेदारी है। वैभव पांडे ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही एक बार फिर जनता को मुद्दों में उलझाने के प्रयास होंगे, लेकिन अब अल्मोड़ा की जागरूक जनता केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि वास्तविक विकास और पर्याप्त बजट चाहती है। उन्होंने नगर के समग्र विकास के लिए शीघ्र नगर निगम को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि मूलभूत समस्याओं का समाधान हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

