
बागेश्वर(आरएनएस)। कपकोट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने पर किशोरी को सीएचसी कपकोट से जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को किशोरी को प्रसव के लिए सीएचसी कपकोट लाया गया था, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के दौरान अस्पताल प्रबंधन को उसके नाबालिग होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।गुरुवार को प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी और नवजात की स्थिति सामान्य है। पुलिस ने जांच के बाद बांसे निवासी कवींद्र राम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कपकोट थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि अस्पताल से नाबालिग के प्रसव की सूचना मिली थी। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


