
देहरादून (आरएनएस)। मसूरी-देहरादून रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता युवक का शव गहरी खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली है। मसूरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 25 मार्च को मामचंद पुत्र स्व. किशन सिंह निवासी ग्राम बाबेल बुजुर्ग, थाना बेहट, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) ने चौकी कोलूखेत, कोतवाली मसूरी में अपने 44 वर्षीय पुत्र अशोक के लापता होने की सूचना दी थी। बताया गया कि अशोक घर से अपनी बाइक लेकर निकला था और वापस नहीं लौटा। मोबाइल लोकेशन कोलूखेत चौकी से करीब दो किलोमीटर ऊपर मसूरी रोड क्षेत्र में मिल रही थी।
सूचना पर पुलिस टीम परिजनों के साथ मौके पर पहुंची, जहां हिल व्यू कैफे के पास सड़क किनारे अशोक की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। रात में परिजनों के साथ युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
अगले दिन 26 मार्च को मसूरी पुलिस और परिजनों ने दोबारा सर्च अभियान चलाया। इस दौरान हिल व्यू कैफे के पास मुख्य मार्ग से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में अशोक का शव पड़ा मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया और मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों के अनुसार अशोक पूर्व में नशा मुक्ति केंद्र में भी रह चुका था। थाना बेहट, सहारनपुर में 25 मार्च को ही उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

