
मसूरी। मसूरी के वन्यजीव विहार विनोग में पक्षी गणना (वर्ड काउंट) में इस बार 85 प्रजातियों के 1126 पक्षी दिखाई दिए हैं। कोविड काल से पहले हुई पक्षी गणना के मुकाबले यह संख्या ज्यादा है। इससे पक्षी विशेषज्ञों में खासा उत्साह है।
विनोग वन्य जीव विहार में पक्षी गणना कराई गई। हाथीपांव से विनोग, कैंपटी और धोबीघाट तक की गणना की गई। इसमें विशेषज्ञों की चार टीमों ने हिस्सा लिया। पीसीसीएफ धनंजय मोहन ने पक्षी गणना की अगुवाई की। उन्होंने बताया कि साल में मई और दिसंबर में पक्षी गणना होती है। चार रास्ते हैं, जो करीब आठ किमी लंबे हैं। इसमें पक्षी विशेषज्ञ पक्षियों की पहचान करते हैं। आखिरी बार 2019 में गणना हुई थी। कोरोनाकाल में गणना नहीं हो पायी। इस बार दो पक्षी ऐसे मिले जो इससे पहले चार गणना के दौरान नहीं दिखे। इनमें ब्लैक एंड एलो ग्रॉसबिक और लिटिल पीड फ्लाईकैचर शामिल है। उन्होंने कहा कि धोबीघाट क्षेत्र में ब्रोड बिल पक्षी भी दिखा है। यह पक्षी ऐसे स्थानों पर पाया जाता है, जहां कोई हलचल न हो। शांति हो। यह अच्छा संकेत है।


