
हल्द्वानी। बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए जा रहे स्कूटी सवार दो सरकारी शिक्षक ई-रिक्शा की टक्कर से घायल हो गए। हादसा नवाबी रोड स्थित ईएसआर पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां ई-रिक्शा ने टक्कर मारने के बाद दोनों को करीब दस मीटर तक घसीट दिया।
देवलचौड़ निवासी गिरीश चंद्र आर्या और डहरिया निवासी खीमानंद तिवारी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब सवा नौ बजे वे एमबी इंटर कॉलेज में मूल्यांकन ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय व्यक्ति पुनीत अग्रवाल ने दोनों घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। हादसे में एक शिक्षक के कंधे की हड्डी टूट गई, जबकि दूसरे के कूल्हे में चोट आई है।
कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि शिक्षकों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज जुटाकर आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

