
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में एक व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने व्यापारी को लाठी-डंडे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। तहसील डीडीहाट मुख्यालय के निकटवर्ती सानदेव घोरपट्टा में शुक्रवार देर शाम ननपांपो निवासी प्रहलाद सिंह (55) पुत्र धनराज सिंह और सोहन लाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद गहराने पर सोहन ने पास में पड़े डंडे से प्रहलाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच बचाव करने पहुंची प्रहलाद की पत्नी कलावती देवी के सिर, पीठ, हाथ-पैर में गंभीर चोट आई है। बाद में स्थानीय लोग गंभीर अवस्था में प्रहलाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई महिपाल सिंह की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने मामला दर्ज़ कर लिया है। बताया जा रहा है कि सोहन मानसिक तौर पर अस्वस्थ्य है। मृतक प्रहलाद नगर से करीब पांच किमी दूर सानदेव घोरपट्टा में होटल व राशन की दुकान का कार्य करता था।

