
काशीपुर(आरएनएस)। एक व्यक्ति ने अपने भाई समेत चार लोगों पर उसके मकान पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कुमाऊं कॉलोनी, गड्ढा कॉलोनी निवासी मंगली सिंह पुत्र स्व. मवासी राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 फरवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका भाई सूरज चौहान निवासी ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद अपने साथ सूरज सेन, हरविंदर सिंह और डॉ. मुनेश को लेकर उसके घर पहुंचा। उन्होंने उससे मकान खाली करने को कहा और दावा किया कि उन्होंने यह मकान खरीद लिया है। मंगली सिंह के अनुसार उसने बताया कि मकान और जमीन का मामला काशीपुर कोर्ट में विचाराधीन है और बिना अदालत के आदेश के मकान नहीं लिया जा सकता। इस पर उन्होंने उनसे और परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हरविंदर सिंह ने कहा कि उसने यह मकान और पीछे की जमीन सूरज सेन से खरीद ली है। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार मारपीट में उसे चोटें आईं है। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपी मकान खाली न करने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सूरज सेन, सूरज चौहान, हरविंदर सिंह और डॉ. मुनेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

