
देहरादून(आरएनएस)। मेजर जनरल की बेटी बताकर धमकाने की आरोपी युवती और उसके साथी के खिलाफ राजपुर थाना पुलिस ने बुधवार रात मुकदमा दर्ज किया है। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि विनोद उनियाल निवासी धोरणखास, राजपुर ने तहरीर दी। आरोप है कि उन्हें सच्ची साम्रा नाम बताते हुए एक युवती फोन करती है। वह खुद को रिटायर मेजर जनरल आरके जोशी की बेटी बताती है। आरोप है कि फोन पर धमकी देते हुए कहती है कि उनके पिता से जो रुपये लिए वापस लौटा दें। पीड़ित ने कहा उन्होंने कोई रुपये नहीं लिए हुए हैं। न ही किसी आरके जोशी नाम के मेजर जनरल से परिचित हैं। आरोप है कि इसके बाद पीड़ित की पत्नी को धमकाते हुए फोन किया। आरोप है कि युवती ने पीड़ित पक्ष की तरफ से अर्जुन शर्मा पर कराया मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया गया। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपी सच्ची साम्रा और अर्जुन शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

