
रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर के कीरतपुर कोलड़िया क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर में अल्मोड़ा जिले के ग्राम आरा सलपड़ निवासी मोहन चन्द्र भट्ट ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री मुन्नी का विवाह कीरतपुर कोलड़िया निवासी हरीश चन्द्र पाण्डेय से किया था। उसका 10 माह का एक पुत्र भी है। आरोप लगाया कि विवाह के कुछ माह बाद से ही सास मनुली देवी, ससुर गोविंद बल्लभ पाण्डेय और पति दहेज की मांग को लेकर मुन्नी को प्रताड़ित करने लगे।
उसके साथ कई बार मारपीट की गई। उनके द्वारा दिया गया मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया और मायके पक्ष से संपर्क करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आरोप लगाया कि 16 जून की दोपहर करीब दो बजे उनकी पुत्री की मौत हो गई, लेकिन ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना उनके परिवार को नहीं दी। घटना की जानकारी उन्हें रिश्तेदारों और दूसरी पुत्री के माध्यम से मिली। रुद्रपुर पहुंचकर शव देखने पर मृतका के मुंह से झाग और खून निकलता दिखाई दिया, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई। आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री की हत्या की गई। पुलिस ने पति, सास-ससुर, बहनोई मोहन चन्द्र, बसंत बल्लभ जोशी और उनकी पत्नियों सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रुद्रपुर कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
