
अल्मोड़ा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महिला कल्याण संस्था द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिराड में कार्यक्रम आयोजित कर 40 मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को कॉपियों के सेट व लेखन सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही आंगनबाड़ी के बच्चों को पानी की बोतल और कॉपियां देकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी ने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री प्रदान करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित भी किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य ममता पाठक ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिराड, हरी दत्त पेटशाली इंटर कॉलेज और प्राथमिक विद्यालय शीतल पानी के विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया। संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा रखी। आयोजन को सफल बनाने में कल्याण मनकोटी और डॉ. रमेश दानू का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष चंद्रा अग्रवाल, संरक्षक आशा पंत, आशा कर्नाटक, दीपा सतीश जोशी, प्रचार-प्रसार मंत्री ममता चौहान, उप सचिव गीता शाह, अनीता रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संरक्षक मीता उपाध्याय और सचिव पुष्पा सती ने संयुक्त रूप से किया।

