
अल्मोड़ा। लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की जनपद इकाई अल्मोड़ा ने मंगलवार को शक्ति सदन में बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई। महासंघ का कहना है कि शासन और सरकार के स्तर पर बार-बार अनुरोध के बावजूद 27 सूत्री समस्याओं व मांगों का समाधान अब तक नहीं हो पाया है, जिससे अभियंताओं में भारी रोष है। बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, कृषि विभाग, आवास विकास, पेयजल निगम, उत्तराखंड जल संस्थान, जिला पंचायत, उरेडा, लघु सिंचाई, शहरी विकास विभाग, पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न विभागों के डिप्लोमा अभियंताओं ने भाग लिया। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 18 फरवरी को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा, जबकि 23 फरवरी को देहरादून में सचिवालय तक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष गोविंद सिंह महरा ने की, जबकि संचालन ललित मोहन मिश्रा ने किया। बैठक में मंडल सचिव कुमाऊं दीपक सिंह मटियाली, मंडल अध्यक्ष लोक निर्माण विभाग अजय टम्टा, मंडल सचिव लोक निर्माण विभाग हिमांशु जोशी, मंडल अध्यक्ष लोक निर्माण विभाग रिनी पांडे, सूरज सिंह रावत, शेखर पांडे, हितांशी नैलवाल, जीवेश वर्मा, मनीष कुमार, प्रकाश चंद्र, गणेश जोशी, धीरज जोशी, गिरीश कोटलिया, पंकज जीना, कुंदन बिष्ट, वीरेंद्र सिंह मेहता, कमल पालीवाल, प्रफुल्ल जोशी, दीपक टम्टा सहित बड़ी संख्या में अभियंता उपस्थित रहे।

