


अल्मोड़ा। नवमी के अवसर पर सोमवार को जिलेभर के मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। घरों और मंदिरों में मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और भोजन कराकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान हवन-यज्ञ, भजन-कीर्तन और भंडारों के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना रहा। नगर के चौघानपाटा, ढुंगाधारा, लक्ष्मेश्वर, न्यू इंद्रा कॉलोनी, राजपुरा, एनटीडी, लाला बाजार, गंगोला मोहल्ला, धारानौला और ऑफिसर कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। वहीं, नंदादेवी, चितई, उल्का देवी, बानड़ी देवी, रघुनाथ मंदिर, स्याईदेवी और कसारदेवी मंदिरों में भी भक्तों का तांता लगा रहा। नवमी पर श्रद्धालुओं ने घरों में विशेष पूजा-अर्चना के बाद कन्या पूजन किया। कन्याओं को भोजन कराने के साथ उपहार और दक्षिणा भेंट की गई। इसके बाद उनसे परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा गया। कई श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के बाद नवरात्र व्रत का पारण भी किया। विभिन्न दुर्गा पंडालों में हवन-यज्ञ और भजन-कीर्तन के बीच माता के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा का स्मरण कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कन्या पूजन की परंपरा में बालिकाओं को मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है।




