
देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) कार्यालय के बाहर बुधवार को एलटी भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों ने धरना दिया। इस दौरान वहां घेराव प्रदर्शन करते हुए करीब पांच घंटे तक हंगामा भी किया। बाद में आश्वासन मिलने पर उन्होंने धरना खत्म किया। 15 जुलाई तक संशोधित परिणाम जारी ना होने पर वहां तालाबंदी की चेतावनी भी दी गई है।धरने के दौरान यूकेडी नेता देवचंद और राष्ट्रीय क्षेत्र पार्टी के नेता शिव प्रसाद सेमवाल भी अभ्यर्थियों के समर्थन में पहुंचे और उनका हौसला बढ़ाया। काफी देर प्रदर्शन के बाद आयोग के सचिव ने कुछ अभ्यर्थियों को वार्ता के लिए कार्यालय में बुलाया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी मांगें विस्तार से सचिव के समक्ष रखीं।अभ्यर्थियों के अनुसार आयोग के सचिव ने बताया कि संशोधित परिणाम तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन दोनों मंडलों, 60 प्रतिशत और 10 प्रतिशत भर्ती के साथ सभी श्रेणियों का परिणाम तैयार करने में कुछ समय लग रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी होते ही सुपरन्यूमेरेरी पदों पर संशोधित परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों ने आयोग से इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी करने की मांग भी की, लेकिन सचिव ने कोई अलग संवाद जारी करने से इनकार करते हुए कहा कि आयोग सीधे परिणाम घोषित करेगा।यूकेडी नेता देवचंद और राष्ट्रीय क्षेत्र पार्टी के नेता शिव प्रसाद सेमवाल ने चेतावनी दी कि यदि 15 जुलाई तक संशोधित परिणाम घोषित नहीं किया गया, तो अगस्त के प्रथम सप्ताह में अभ्यर्थियों के साथ मिलकर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में किशन गैरोला, गोपी चंद्र, दीपिका रमोला, रश्मि डोभाल, तुषार बिष्ट, सचिन नैनवाल, नवीन कुमार, कमलेश कुमार और प्रवीन रावत सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।

