
ऋषिकेश। सरकारी अस्पताल के पैथोलाजी विभाग में कार्यरत लैब टेक्निशियन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पैथोलाजी कक्ष को बंद कर दिया। ऐसे में जांच रिपोर्ट लेने और ब्लड आदि की जांच के लिए आए लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
मंगलवार को सरकारी अस्पताल में पैथोलॉजी कक्ष रोज की तरह सुबह 9 बजे खुला। कक्ष में तैनात लैब टेक्निशियन जांच आदि की तैयारी कर रहे थे, तभी यहां कार्यरत लैब टेक्निशियन की आरटीपीसीआर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी। लैब टेक्निशियन में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर साथी कर्मियों में भी खलबली मच गई।
जांच कराने पैथोलॉजी विभाग में आए एक दो लोगों को बाहर किया। पैथोलॉजी लैब को जांच के लिए बंद कर दिया। एक दिन पहले पैथोलॉजी जांच कराने वाले मंगलवार को रिपोर्ट लेने पैथोलॉजी कक्ष में पहुंचे, लेकिन यहां दरवाजा बंद मिला। दरवाजे पर चस्पा नोटिस में लिखा हुआ था कि लैब टेक्निशियन के कोरोना पॉजिटिव आने पर सेनेटाइजेशन के लिए मंगलवार को पैथोलॉजी विभाग 25 जनवरी को नहीं खुलेगा। लिहाजा किसी तरह की पैथोलॉजी जांच भी नहीं होगी। कोविड नोडल अधिकारी डा। अंकित आनंद ने बताया कि लैब को एहतियातन एक दिन के लिए बंद किया गया है। 27 जनवरी को खोल दिया जाएगा।

