

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति की सार्वजनिक कार्यक्रम में एबीवीपी का गमछा पहने तस्वीर सामने आने के बाद कांग्रेस ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिला महामंत्री निर्मल रावत ने इसे विश्वविद्यालय की निष्पक्षता और गरिमा से जुड़ा मामला बताते हुए कुलपति से स्पष्टीकरण लेने की मांग की है। निर्मल रावत ने कहा कि कुलपति के कंधों पर पूरे विश्वविद्यालय को निष्पक्षता और समानता के साथ संचालित करने की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में यदि कुलपति सार्वजनिक मंच पर किसी छात्र संगठन के प्रतीक के साथ नजर आते हैं, तो विश्वविद्यालय की निष्पक्षता और गरिमा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कुलपति का पद किसी राजनीतिक दल या संगठन का पद नहीं है। विश्वविद्यालय के मुखिया का किसी संगठन के प्रतीक के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई देना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे प्रशासन की राजनीतिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। रावत ने राज्य सरकार से सवाल किया कि क्या वह विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता और निष्पक्षता बनाए रखने में विफल हो रही है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण पर कुलपति से स्पष्टीकरण लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि विश्वविद्यालय प्रशासन किसी भी राजनीतिक संगठन के प्रभाव में काम न करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालयों को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने का प्रयास किया गया, तो कांग्रेस सड़कों से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक इसका पुरजोर विरोध करेगी।





