
अल्मोड़ा। हवालबाग की ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू ने क्षेत्र पंचायत सचिव व्यवस्था में प्रस्तावित बदलाव का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन दिया है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सचिव के पद पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ही बनाए रखने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 1952 से चली आ रही व्यवस्था के तहत बीडीओ क्षेत्र पंचायत सचिव का दायित्व निभाते रहे हैं और विकासखंड स्तर पर विभिन्न विभागों, योजनाओं तथा पंचायतों के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में सचिव पद की जिम्मेदारी किसी अन्य अधिकारी को सौंपने से प्रशासनिक समन्वय और विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि मनरेगा, ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास, स्वच्छता, पेयजल और कृषि जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बीडीओ की अहम भूमिका होती है। वर्तमान व्यवस्था से विकास कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है, जबकि प्रस्तावित बदलाव से समानांतर प्रशासनिक ढांचा बनने और कार्यकुशलता प्रभावित होने की आशंका है।
हिमानी कुंडू ने मुख्यमंत्री से ग्रामीण विकास और पंचायतीराज व्यवस्था के हित में वर्तमान व्यवस्था को यथावत बनाए रखने तथा विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक समन्वय को और मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार इस संबंध में उचित निर्णय लेगी।


