
रुद्रपुर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अल्मोड़ा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा को मिले जनसमर्थन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसभा के संदेश और भावनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
शनिवार को रुद्रपुर सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में रावत ने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अल्मोड़ा की सभा में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच कांग्रेस के प्रति बढ़ता समर्थन यह संकेत देता है कि आने वाला समय पार्टी के लिए सकारात्मक हो सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक और वर्तमान सैनिक इससे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस योजना को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने पैरामिलिट्री बलों के लिए कल्याण कोष बनाने की भी वकालत की।
रावत ने नजूल भूमि नीति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए नीति लागू की थी, जबकि वर्तमान सरकार ने उसे समाप्त कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और आम लोगों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने भी नजूल भूमि और अतिक्रमण के मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
