
अल्मोड़ा। कोसी नदी में नहाने के दौरान हाल ही में हुई दो युवकों की मौत की घटना के बाद अल्मोड़ा पुलिस ने नदी तटों पर निगरानी और जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को नदी किनारे लगातार गश्त कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सोमेश्वर पुलिस ने कोसी नदी क्षेत्र में भ्रमण कर लाउडहेलर के माध्यम से लोगों को नदी में न उतरने और सुरक्षा बरतने के लिए जागरूक किया। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी ने नदी के आसपास निरीक्षण के दौरान कुछ युवकों को नदी में नहाते हुए पाया। पुलिस ने उन्हें तत्काल नदी से बाहर निकलवाकर समझाइश दी और नदी में नहाने के संभावित खतरों के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने युवाओं को हाल की दुर्घटना का हवाला देते हुए भविष्य में नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। साथ ही आमजन, विशेषकर अभिभावकों से अनुरोध किया कि बरसात के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में स्वयं भी जोखिम न उठाएं और बच्चों तथा परिजनों को भी नदी में नहाने या गहरे पानी के समीप जाने से रोकें।
