
ऋषिकेश। ऋषिकेश नगर निगम के नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल ने बताया कि शहर में आबादी के बीच डंप हो रहे कूड़े के निस्तारण के लिए केंद्र ने 6 करोड़ 48 लाख रुपये की स्वीकृत हुए हैं। जल्द ही पहली किश्त 2 करोड़ 56 लाख जारी होगी। बरसात के बाद तेजी से कूड़े के निस्तारण का कार्य शुरू होगा।
सोमवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल ने बताया कि गोविंद नगर में आबादी के बीच खाली भूखंड में वर्ष 2018 तक 2.71 लाख घन मीटर कूड़ा एकत्रित रहा। इसका निस्तारण भी किया जाता रहा है। बताया कि बजट के अभाव में पिछले एक साल से कूड़ा निस्तारण का कार्य प्रभावित था, जो अब सुचारु रूप से चलेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि केंद्र सरकार ने कूड़ा निस्तारण के लिए 6 करोड़ 48 लाख रुपये का बजट लीगेसी वेस्ट योजना के नाम से स्वीकृत किया है। उम्मीद जतायी कि सितंबर के पहले सप्ताह तक स्वीकृत बजट में से पहली किश्त जारी हो जाएगी। बरसात के बाद कूड़ा निस्तारण का कार्य सुचारु हो जाएगा।
घोटाले का आरोप बेबुनियाद
ऋषिकेश। नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल ने कूड़ा निस्तारण के लिए आरक्षित 8 करोड़ 65 लाख रुपये के घोटाले का पार्षदों द्वारा लगाए गए आरोप को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में लीगेसी प्रसंस्करण और निस्तारण में कोई अनियमितता नहीं हुई है। इस धनराशि से कूड़ा निस्तारण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। नगर आयुक्त ने स्पष्टीकरण दिया कि केंद्र से बजट मिलने के बाद 8 करोड़ 65 लाख की राशि को अन्य मदों में खर्च किया गया। उन्होंने खर्च का ब्योरा भी प्रस्तुत किया।

