
अल्मोड़ा। सल्ट तहसील के राजकीय इंटर कॉलेज खुमाड़ में शुक्रवार, 30 मई को प्रातः 11 बजे से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर आयोजित शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, लोक निर्माण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पूर्ति, उद्योग, पर्यटन, श्रम, पंचायत, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविर में आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के साथ राशन कार्ड, स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाएं, कृषि और उद्यान संबंधी जानकारी, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा श्रमिक पंजीकरण जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाकर ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

